बंगाल के बाद पंजाब में भी कमल खिलाने का दावा: सुनील जाखड़
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन से पंजाब भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इस जीत की खुशी में सोमवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय ‘पंजाब भाजपा भवन’ सहित पूरे राज्य में विभिन्न स्थानों पर मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने चंडीगढ़ कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ जीत की खुशियां साझा कीं और दावा किया कि पश्चिम बंगाल की इस लहर के बाद अब अगला नंबर पंजाब का है, जहां भाजपा अपनी सरकार बनाएगी।
जाखड़ ने इन राज्यों में मिली सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व की नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि आज के परिणाम बताते हैं कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि यदि भाजपा बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में अपनी जड़ें मजबूत कर सत्ता की ओर बढ़ सकती है, तो पंजाब में भी यह पूरी तरह संभव है।
उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बंगाल में अराजकता, बेरोजगारी, नशा और गैंगस्टरवाद के जो हालात थे, वही आज पंजाब में देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब ‘आप’ सरकार के शासन से ऊब चुकी है और भाजपा को एक सशक्त विकल्प के रूप में देख रही है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। वहीं, कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वजूद अब न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश से सिमट रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल के सामने पूरी तरह घुटने टेक दिए हैं। जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला करते हुए कहा कि वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए भ्रष्टाचार और गलत गतिविधियों पर मौन साधे हुए हैं, जिससे प्रदेश का माहौल लगातार बिगड़ रहा है।
