फर्नीचर हाउस में भीषण आग: लाखों का सामान जलकर खाक, भारी नुकसान
जालंधर के मॉडल हाउस इलाके में स्थित ‘गुरु कृपा फर्नीचर हाउस’ की तीसरी मंजिल पर बीती देर रात भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत शॉर्ट सर्किट के कारण हुई बताई जा रही है, जो तेजी से फैलते हुए कुछ ही समय में विकराल रूप ले बैठी। आग ने देखते ही देखते पूरी तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया और भारी नुकसान पहुंचाया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हालांकि, गुरु कृपा फर्नीचर हाउस में भारी नुकसान हुआ है और काफी सामान जलकर राख हो गया।
यह घटना थाना नंबर 5 के अंतर्गत जालंधर वेस्ट के मॉडल हाउस क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां अचानक फर्नीचर हाउस में आग लगने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
