5 करोड़ देकर भी क्यों नहीं सुलझा मामला? राजपाल यादव ने जेल और कर्ज विवाद की सच्चाई बताई!
कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इन दिनों अपनी फिल्म भूत बंगला के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान उन्होंने अपने 5 करोड़ रुपये के कर्ज, चेक वाउंस विवाद और जेल जाने पर खुलकर बात की।
राजपाल यादव ने साफ कहा कि उन्हें जेल पैसों की कमी की वजह से नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि यह मामला सिर्फ 5 करोड़ रुपये का नहीं, बल्कि एक बड़े सिद्धांत से जुड़ा था। उनके अनुसार, अगर मामला केवल पैसों का होता तो यह 2012 में ही खत्म हो जाता।
एक्टर ने कहा कि लोग यही मानते हैं कि उन्होंने पैसे नहीं चुकाए, लेकिन सच्चाई इससे कहीं ज्यादा जटिल है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे विवाद की वजह से उन्हें 17 से 22 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ।
राजपाल यादव ने बताया कि जिस प्रोजेक्ट को लेकर विवाद हुआ, उस पर पहले ही करीब 12 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे। फिल्म का कुल बजट 22 करोड़ तक पहुंच गया था, लेकिन रिलीज में दिक्कतें आने लगी, जिससे पूरा मामला बिगड़ गया।
धोखाधड़ी के आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में हर फिल्म सफल नहीं होती। उनके मुताबिक, 100 फिल्मों में से केवल 20 ही हिट होती हैं, इसलिए किसी फिल्म के फ्लॉप होने का मतलब धोखाधड़ी नहीं होता।
राजपाल यादव ने कहा कि मुश्किल समय में उन्हें हर जगह से समर्थन मिला। गांव से लेकर मुंबई तक लोग उनके साथ खड़े रहे, जो उनके लंबे करियर का भी सबूत है।
अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधूरी जानकारी के आधार पर राय न बनाएं। उन्होंने कहा कि पूरी कहानी समझने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए।राजपाल यादव का कहना है कि यह लड़ाई उन्होंने शुरू नहीं की थी, लेकिन इसे खत्म जरूर करेंगे।
