चंडीगढ़ के कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, करवाया गया खाली, चारों तरफ-पुलिस ही पुलिस
चंडीगढ़ में बम की धमकियों का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा मामले में सेक्टर-42 में मौजूद डॉ. अंबेडकर कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी की खबर सामने आई है, जिसके बाद पूरे इलाके में हंगामा मच गया है। जानकारी के मुताबिक, कंट्रोल रूम पर धमकी भरा मैसेज मिलते ही पुलिस को तुरंत अलर्ट कर दिया गया।
मौके पर पुलिस, खुफिया एजेंसियां, डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल टीमें तैनात कर दी गईं। इसके साथ ही कई दूसरे अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। धमकी की खबर फैलते ही कॉलेज कॉम्प्लेक्स में हंगामा मच गया।
सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज कॉम्प्लेक्स को खाली करा लिया गया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कॉलेज में मौजूद सभी छात्रों और स्टाफ को तुरन्त सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर कड़ी नजर रखे हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और एडमिनिस्ट्रेशन का सहयोग करें।
जानकारी के मुताबिक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद साइबर टीम को इस धमकी भरे मैसेज की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मौके पर साइबर टीम द्वारा जांच की जा रही है कि, मैसेज कहां से और किसने भेजा है। इसके साथ ही मोबाइल नंबर, इंटरनेट आईपी और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच की जा रही है।
