मासूम शर्मा का सनसनीखेज दावा: जिसने धमकी दी, वही BJP मंच पर नजर आया
चंडीगढ़ : हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक बोल पर छिड़े विवाद में फिर माफी मांगी है। साथ ही सफाई दी कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में हैं।
विवादित बोल को लेकर उन्होंने राज्य महिला आयोग को भी ई-मेल के माध्यम से अपना जवाब भेज दिया है, लेकिन व्यस्तता के चलते वह अभी आयोग के दफ्तर में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो पाएंगे।
मासूम शर्मा शुक्रवार को अपनी फिल्म ‘लाइसेंस’ का प्रमोशन करने के लिए प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा, निर्देशक और लेखक रणजीत चौहान, महिला कलाकार निशा शर्मा सहित अपनी टीम के साथ चंडीगढ़ पहुंचे थे।
इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे जुड़े विवादों पर सवाल पूछे तो वह भड़क गए। अमर्यादित भाषा पर घिरे मासूम ने हालांकि यह कहते हुए स्थिति को संभाला कि मैं अभी भी मानसिक दबाव में हूं, जिसकी वजह से ये हुआ है।
उन्होंने बताया कि मुझे फोन पर धमकी दी गई थी कि अपना और परिवार को 20-25 करोड़ रुपये का बीमा करा लो। साथ ही अमेरिका में चचेरे भाई को फोन पर धमकाया कि अपनी भारत वापसी के लिए टिकट कटा लो। धमकी देने वाला व्यक्ति मेरा जानकार है, लेकिन उसका नाम लेकर उसे स्टार नहीं बनाना चाहता। वह सरकार के मंच पर नजर आता रहा है और कई मौकों पर भाजपा का पटका डाले दिखता है।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भी मुझे वे लोग दिखाई दिए तो मैं तनाव में आ गया, जिसके बाद सारा विवाद हुआ। देवभूमि के लोगों को अगर अभी भी कोई गिला है, तो मैं फिर माफी मांगता हूं।
मा
सूम ने कहा कि लोग बातें करते हैं, लेकिन पीछे की सच्चाई नहीं जानते। मैंने राज्य महिला आयोग को जवाब भेज दिया है। जहां पर एफआइआर हुई है, वहां फिजिकली भी जाऊंगा। उन्होंने दोहराया कि धमकी के मामले में वह भी एफआइआर कराएंगे। यह सिर्फ ईगो का मामला है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द कार्रवाई करेगी।
यशपाल शर्मा और मासूम शर्मा ने हरियाणवी फिल्म पालिसी में खामियां गिनाते हुए कहा कि इसमें सुधार की जरूरत है। सब्सिडी के लिए लोकेशन के प्वाइंट कर हरियाणवी बोली और संस्कृति के प्वाइंट बढ़ाने चाहिए।
यशपाल शर्मा ने कहा कि तीन करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म दादा लख्मी के लिए एक करोड़ रुपये की सब्सिडी मिली, लेकिन हरियाणा में शूटिंग के नाम पर 50 लाख रुपये में बनी पंजाबी फिल्म को दो करोड़ रुपये दे दिए गए।
बंदूक संस्कृति और शराब से जुड़े गानों पर प्रतिबंध और विवाद के मुद्दे पर बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि ऐसे तो मोबाइल पर भी प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
मोबाइल में भी पोर्न फिल्म और आपत्तिजनक कंटेंट धड़ल्ले से देखा जाता है। ऐसे तो धुरंधर फिल्म पर भी रिलीज नहीं होने देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि कलाकार तो वही कंटेंट देता है जो पब्लिक पसंद करती है। उनका समर्थन करते हुए मासूम शर्मा ने कहा कि गन और शराब का लाइसेंस भी तो सरकार ही देती है। यानी कि यह कानूनन सही है।
