कुरुक्षेत्र पहुंचे अभय चौटाला, सरकार को घेरा, बोले- कमजोर सरकार के चलते BBMB का फैसला, पानी को लेकर बढ़ेगी दिक्कत

0

कुरुक्षेत्र :  बुधवार शाम अभय सिंह चौटाला थानेसर की अनाज मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों की समस्याओं और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के फैसले को लेकर हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कमजोर सरकार होने के कारण बीबीएमबी के फैसलों का सही तरीके से विरोध नहीं किया जा रहा है। पहले बीबीएमबी में सिंचाई विभाग का एक सदस्य होता था, जिसकी वजह से हरियाणा को उसका हक का पानी मिल जाता था और प्रबंधन पर दबाव बना रहता था। अब उस सदस्य को हटा दिया गया है, जिससे आने वाले समय में लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि गेहूं सीजन के दौरान वह खुद प्रदेश की अनाज मंडियों का दौरा कर रहे हैं। पहले ही सरकार को चेतावनी दी थी कि गलत नीतियों के कारण किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ सकता है। इसके बाद सरकार ने कुछ कदम उठाए, जिससे किसानों की कुछ समस्याओं का समाधान हुआ।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मंशा किसानों की मदद करने की है, लेकिन सरकार के फैसले उनके काम में बाधा बन रहे हैं। कभी सर्वर बंद हो जाता है तो कभी मशीनें खराब हो जाती हैं। कई मंडियों में किसानों को प्रवेश पर्ची और बायोमैट्रिक प्रक्रिया के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसानों के भुगतान में देरी हुई या गेहूं की खरीद व उठान में कोई दिक्कत आई तो इनेलो आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। किसी भी कीमत पर अनाज मंडियां बंद नहीं होने दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अंगूठे के निशान अपराधियों के लिए लिए जाते हैं, किसान अपराधी नहीं हैं। किसान अपनी मेहनत से फसल उगाता है और सरकार के नियमों के अनुसार ही उसे बेचता है।

मंडियों में गड़बड़ी पर होगी जांच
अनाज मंडियों में चोरी और ठगी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में गेहूं की बिक्री पूरी होने के बाद वह खुद जांच करवाएंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *