रेलवे ने जारी किया शेड्यूल: कोलकाता-अमृतसर के बीच चलेगी समर स्पेशल, कुल 12-12 फेरे लगाएगी ट्रेन
आगामी गर्मी की छुट्टियों में रेल यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता और अमृतसर के बीच विशेष ट्रेन (Kolkata Amritsar Special Train) चलाने का निर्णय लिया है। इस पहल से उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस आशय की जानकारी आसनसोल पीआरओ ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन दोनों दिशाओं से कुल 12-12 फेरे लगाएगी।
यह स्पेशल ट्रेन गाड़ी सं. 04624 (अमृतसर-कोलकाता स्पेशल) 13 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को अमृतसर से रात 08:10 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 03:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी सं. 04623 (कोलकाता-अमृतसर स्पेशल) 16 अप्रैल से 02 जुलाई तक हर गुरुवार को कोलकाता से सुबह 05:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अपनी यात्रा पूरी कर तीसरे दिन मध्यरात्रि के बाद 12:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आसनसोल मंडल के यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन काफी सुविधाजनक होगी। यात्रा के दौरान दोनों दिशाओं में यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन के कोच कंपोजिशन को मिश्रित रखा गया है। इसमें साधारण, द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणियों के कोच शामिल होंगे, ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधा अनुसार टिकट बुक कर सकें।
गर्मी के सीजन में नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे का यह कदम यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। टिकटों की बुकिंग जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और काउंटरों पर शुरू कर दी जाएगी।
