मौसम अपडेट: हरियाणा में आज बारिश-आंधी बरपाएगी कहर, 6 जिलों में ओले का अलर्ट जारी
हरियाणा में 4 अप्रैल को मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन नुकसान की आशंका भी बनी हुई है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने दक्षिण और पूर्वी हरियाणा के 6 जिले गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
बाकी जिलों में येलो अलर्ट का असर: राज्य के अन्य जिलों जैसे हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. यहां बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम का यह बदलाव आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है.
तापमान में गिरावट से ठंडक का एहसास:बारिश और ओलावृष्टि के कारण औसत तापमान में करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इससे मौसम सामान्य से ठंडा महसूस हो रहा है. कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है.
3 अप्रैल को भी बिगड़े थे हालात: एक दिन पहले यानी 3 अप्रैल को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई थी. भिवानी, हिसार, सिरसा, पानीपत, नूंह और फतेहाबाद में भारी बारिश दर्ज की गई. नूंह और फरीदाबाद में ओले गिरने से सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई थी, जबकि सिरसा में बिजली गिरने से नुकसान भी हुआ.
किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी:मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. अगले 3–4 दिनों तक गेहूं और सरसों की कटाई, मड़ाई और सिंचाई कार्य रोकने को कहा गया है. तैयार फसल को सुरक्षित रखने, सब्जियों की बुवाई टालने और पशुओं को खुले में न छोड़ने की हिदायत दी गई है.
आगे भी गिर सकता है तापमान: मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट संभव है. इससे मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के चलते सतर्क रहना बेहद जरूरी होगा.
