हिमाचल के मंडी में बड़ा हादसा टला: यात्रियों के बैठने से ठीक पहले 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी HRTC बस

0

 हिमाचल पथ परिवहन के जोगेंद्रनगर डिपो की जोगेंद्रनगर–कुन्नू–कुफरी वाया बटाहर रूट पर चलने वाली बस बुधवार सुबह बटाहर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बस में कोई भी यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः करीब 6:20 बजे बस बटाहर स्टॉपेज पर खड़ी थी। चालक जब बस को स्टार्ट करने लगा तो बस स्टार्ट नहीं हुई। इसी दौरान अचानक ब्रेक काम न करने से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 200 मीटर नीचे लुढ़क गई। उस समय परिचालक भी बस के बाहर मौजूद था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना की सूचना संबंधित विभाग और प्रशासन को दी गई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।वहीं पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही एचआरटीसी के अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और तकनीकी खामियों सहित अन्य कारणों की जांच की जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *