मोहाली में एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश: केयरटेकर ही निकली मास्टरमाइंड, पूर्व पति और साथियों के साथ रची थी साजिश
मोहाली पुलिस ने सेक्टर-77 स्थित एक घर में शादी समारोह के दौरान हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड केयरटेकर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का 90 फीसदी से ज्यादा सामान बरामद कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस केयरटेकर पर परिवार ने भरोसा किया, उसी ने अपने पूर्व पति और उसके दोस्तों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था।
पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 14 फरवरी 2026 की देर रात सेक्टर 77 के एक घर में यह चोरी हुई थी। उस वक्त घर में शादी का माहौल था और सभी लोग सो रहे थे। मौके का फायदा उठाकर चोरों ने सारा गहना और नकदी पार कर दी थी। जांच में सामने आया कि परिवार के पास काम करने वाली केयरटेकर नेहा धमीजा ही मुख्य साजिशकर्ता थी। नेहा ने अपने पूर्व पति बलकार सिंह और उसके दोस्तों जसकरन सिंह व प्रितपाल सिंह के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी।
चोरी की बड़ी घटना के बाद एसएसपी के सख्त निर्देशों पर एसएचओ सोहाना, सीआईए इंचार्ज रमिंदर सैनी और डीएसपी सिटी-2 की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया था। करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत और तकनीकी जांच (ह्यूमन और टेक्निकल सोर्स) के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस किया। मुख्य आरोपी बलकार सिंह, जसकरन और नेहा धमीजा को सीआईए की टीम ने हिमाचल प्रदेश के मैकलोडगंज से गिरफ्तार किया, जबकि चौथे आरोपी प्रितपाल सिंह को लुधियाना से काबू किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 37 तोले सोना, डेढ़ लाख रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदा गया फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक ‘डिजायर’ कार भी जब्त की गई है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपियों ने चोरी के पैसों से मध्य प्रदेश से एक .30 बोर की पिस्टल भी खरीदी थी। उनका इरादा इस पिस्टल के दम पर मोहाली में डकैती और चोरी की अन्य बड़ी वारदातों को अंजाम देने का था, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
