TATA का दूसरा बड़ा स्टील प्लांट लुधियाना में चालू, सीएम मान ने किया उद्घाटन; सैकड़ों लोगों को मिलेगा रोजगार
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने लुधियाना में टाटा के दूसरे सबसे बड़े स्टील प्लांट का उद्घाटन किया। अक्टूबर 2023 में भगवंत सिंह मान ने लुधियाना में इसकी नींव रखी थी और शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया। लुधियाना में 3200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह प्लांट, पंजाब के औद्योगिक परिदृश्य को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सीएम मान ने कहा कि इस प्लांट के चालू होने से हज़ारों युवाओं को रोज़गार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लांट 2,700 युवाओं को सीधे तौर पर और 10,000 युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार देगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को अब घर बैठे ही नौकरियां मिल रही हैं। अब उच्च डिग्रियां होने के बावजूद देश छोड़कर जाने की ज़रूरत नहीं है।
प्लांट के उद्घाटन के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज पंजाब भारत का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने इस ‘इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस’ आधारित प्लांट के माध्यम से हरित ऊर्जा का उपयोग करके स्टील का उत्पादन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से ही उद्यमियों की धरती रहा है और लुधियाना जैसे शहर अपनी उद्यमशीलता की भावना, कड़ी मेहनत और मैन्युफैक्चरिंग की ताक़त के लिए दुनिया भर में पहचाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि आज हम इतिहास रच रहे हैं। 115 एकड़ में फैले इस प्लांट में निवेश 2,600 रुपये करोड़ से बढ़कर 3,200 रुपये करोड़ हो गया है और यह कच्चे माल के तौर पर 100% स्टील स्क्रैप का इस्तेमाल करेगा, जिससे यह पर्यावरण के लिहाज़ से टिकाऊ बनेगा। उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप दुनिया के 100 से ज़्यादा देशों में काम करता है और दस लाख से ज़्यादा लोगों को रोज़गार देता है। पंजाबी लोग ईमानदारी और लगन से काम करने में यक़ीन रखते हैं, जिसने हमेशा उद्योग और कामगारों के बीच के रिश्ते को मज़बूत बनाया है। राज्य सरकार औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से निवेश आकर्षित कर रही है।
आम आदमी पार्टी की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमने पिछले चार सालों में 1.58 लाख करोड़ रुपये का निवेश हासिल किया गया है, जिससे पांच लाख से ज़्यादा युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा हुए हैं। हमारा नज़रिया सीधा-सा है, यानी स्थिर नीतियां, तेज़ फ़ैसले और मज़बूत औद्योगिक साझेदारियां।
