हरियाणा में मार्च बना दिसंबर, बारिश ने बढ़ाई ठंड, ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी

0

हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए मार्च के महीने को दिसंबर जैसी ठंड में बदल दिया है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेशभर में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को राज्य के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां गरज-चमक के साथ ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

बारिश का सिलसिला जारी: गुरुवार को शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा. सोनीपत, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पंचकूला, हिसार और पानीपत में सुबह से ही बारिश दर्ज की गई. वहीं, पिछले दिन हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और पंचकूला समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक देखने को मिली.

तापमान पर पड़ रहा असर:इस मौसम बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर पड़ा है. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे पहुंच गया है. रोहतक में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिला, जहां तापमान 10.5 डिग्री गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यहां 5 एमएम बारिश भी रिकॉर्ड की गई.

फसलों के लिए हो सकता है नुकसानदायक: अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत सहित कई जिलों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जिससे ठंड और बढ़ गई. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ घंटों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, खासकर गेहूं और सरसों की फसल पर इसका असर पड़ने की आशंका है. किसानों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर