LPG संकट का असर बढ़ा: पसंदीदा खाना न मिलने से परिवार कैंसिल कर रहे टूर, टैक्सी कारोबार भी प्रभावित
देश में एलपीजी गैस की समस्या के चलते सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोगों की चिंता बरकरार है. भले ही राज्य सरकारें और केंद्र सरकार एलपीजी गैस आपूर्ति सुगमता से जारी रखने के दावे कर रही हो, लेकिन वैश्विक हालातों के चलते परिवारों की चिंता बरकरार है. नतीजतन स्कूली परीक्षाएं पूरी होने के बाद हर साल की तरह इस बार जिन परिवारों ने पहले से अपने पसंदीदा पर्यटन स्थलों पर घूमने के कार्यक्रम बनाए, गैस की कमी से होटल/रेस्टोरेंट में खान-पान की समस्या से उन्हें अपने ट्रेवल्स टूर/कार्यक्रम रद्द या स्थगित करने पड़ रहे हैं. ईटीवी भारत ने ऐसे ही कुछ परिवारों और टूर ट्रेवल्स टैक्सी कारोबारियों से बातचीत की.
मनाली और शिरडी के कार्यक्रम रद्द: देश के हर कोने से लोगों को एलपीजी/पीएनजी गैस की समस्या के चलते घर की रसोई से लेकर होटल और रेस्टोरेंट में खान-पान में दरपेश आ रही समस्याएं सुनाई दे रही हैं. पंचकूला निवासी आशु ने बताया कि उन्होंने हर साल की तरह इस बार भी पारिवारिक सदस्यों के साथ मनाली और शिरडी जाने का कार्यक्रम बनाया था. लेकिन वैश्विक हालातों के चलते देश में गहराई एलपीजी गैस की समस्या से टूरिस्ट स्पॉट पर जाना तो दूर घर की रसोई में भी गैस खत्म होने चिंता बनी रहती है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम रद्द होने से घर के बच्चे काफी मायूस हैं, उन्हें समझाने की कोशिश की जा रही है.
होटल-रेस्टोरेंट में नहीं मिल रहा पसंदीदा खाना: उन्होंने कहा कि साल में एक-दो बार मिलने वाले ऐसे मौके के हाथ से जाने के चलते उन्हें बच्चों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है. आशु ने कहा कि उनके रिश्तेदारों और जानकारों से उन्हें पता लगा है कि बीच रास्तों और मनाली और शिरडी में भी अधिकांश होटल और रेस्टोरेंट में गैस आपूर्ति सुगमता से जारी नहीं होने के चलते गैस चूल्हों का इस्तेमाल कम हो रहा है. नतीजतन जिन किन्हीं पसंदीदा फूड्स को बच्चे और बड़े, पर्यटन स्थलों पर घूमने जाने के दौरान पसंद करते हैं, उसकी उपलब्धता में परेशानी बनी हुई है. एक समान हालात कमोबेश सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बने हैं. इस कारण परिवार अपने बच्चों को दूर दराज राज्यों के पर्यटन स्थलों पर ले जाने से गुरेज कर रहे हैं.
आगरा-अयोध्या-मथुरा-वृंदावन का कार्यक्रम स्थगित: पंचकूला निवासी शिव कुमार ने बताया कि उन्होंने भी अपने बच्चों और दोस्तों के साथ हर साल की तरह इस बार आगरा, अयोध्या, मथुरा और वृंदावन की यात्रा का कार्यक्रम पहले से बनाया हुआ था. सभी बच्चों की परीक्षा पूरी होने के बाद होने वाली छुट्टियों के इंतजार में थे. लेकिन उससे पहले ही देश में एलपीजी गैस की समस्या का संकट होने से उनका तय कार्यक्रम चौपट हो गया. उन्होंने बताया कि रिश्तेदारों और दोस्तों से बात करने पर मालूम चला कि सभी जगहों पर गैस की किल्लत से चिंता की स्थिति बरकरार है. क्योंकि होटल और रेस्टोरेंट के किचन में एलपीजी चूल्हों का इस्तेमाल कम किया जा रहा है या यूं कहें कि न के बराबर है. इस कारण पसंदीदा और अच्छा खान-पान नहीं मिलने के चलते उन्हें भी अपने कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा है. नतीजतन इस बार छुट्टियों में बच्चों को मौज-मस्ती करते नहीं देख पाने से मायूस हैं.
टूर-ट्रैवल्स टैक्सी कारोबार को नुकसान: देश में एलपीजी/पीएनजी गैस की किल्लत के चलते टूर-ट्रैवल्स टैक्सी कारोबार को कितना नुकसान हुआ है, यह जानने के लिए ईटीवी भारत ने कई टैक्सी कारोबारियों से बातचीत की. चंडीगढ़ सेक्टर 27 स्थित ‘सैनी ब्रदर्स टूर ट्रैवल्स’ ने बताया कि उन्हें इस बार भारी नुकसान झेलना पड़ा है. इस टैक्सी स्टैंड के कर्मचारी सूर्या ने कहा कि हर साल करीब 200 बुकिंग आसानी से होती थी. लेकिन इस बार लोगों द्वारा पहले से कराई गई बुकिंग कैंसिल करवाई जा रही है. नतीजतन यह संख्या 200 से घटकर करीब पचास रह गई है. उन्होंने बताया कि गर्मियों में अधिकांश लोग पहाड़ी क्षेत्रों, हिमाचल प्रदेश में मनाली व अन्य जगहों की करवाते हैं. लेकिन ऐसे हालातों के बीच अधिकांश बुकिंग कैंसिल हो रही हैं. उन्होंने बताया कि उनके स्टैंड से टैक्सी मुंबई व अन्य दूर दराज के राज्यों में भी जाती हैं लेकिन इस बार बुकिंग का संकट बना हुआ है.
