पंजाब के ज्यादातर जिलों में छाए रहेंगे बादल, चलेंगी तेज हवाएं; 19 मार्च से दोबारा बदलेगा मौसम
दो दिन पहले सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने पंजाब के किसानों को बड़ी राहत दी है। रविवार के बाद सोमवार को भी कई जिलों में सुबह चार से छह बजे के दौरान हल्की से सामान्य वर्षा से मौसम ठंडा होने से गेहूं सहित रबी की दूसरी सभी फसलों को लाभ होगा।
वर्षा से दिन के तापमान में भी गिरावट आई और ज्यादातर जिलों में तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि दो दिन पहले तक अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था। एक मार्च से लेकर चौदह मार्च तक लगातार दिन व रात का तापमान बढ़ने से गेहूं के जल्दी पकने के चलते उपज कम होने को लेकर किसान चिंतित थे, लेकिन अब दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा से हल्की ठंड लौटने पर किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है।
दूसरे दिन अमृतसर में 10.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि पठानकोट में 28.8 मिलीमीटर, रूपनगर में 10.8 मिलीमीटर, गुरदासपुर में 6.4 मिलीमीटर, एसबीएस नगर में 2.9 मिलीमीटर, फाजिल्का में 4.0 मिलीमीटर, लुधिायना में 3.4 मिलीमीटर, फरीदकोट में 4.2 मिलीमीटर, पटियाला में 7.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इस दौरान इन जिलों में 20 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चली। वहीं वर्षा की वजह से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान होशियारपुर में रहा। जहां अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम था।
वहीं पठानकोट में अधिकतमम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था। एसबीएस नगर में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम था। उधर, अमृतसर में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं बठिंडा में 24.0 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सुखपाल सिंह ने कहा कि पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से सामान्य वर्षा हो रही है। आंधी नहीं चल रही और ओलावृष्टि भी कुछ जगहों पर ही है। फसलों को नुकसान हो, उस तरह की वर्षा नहीं हो रही है। हल्की से सामान्य वर्षा से मौसम ठंडा हो गया है। अगले पांच से छह दिनों में मौसम ऐसा ही रहेगा। ऐसे में अब उपज बढ़ने की संभावना है। तापमान लगातार बढ़ने से झाड़ कम होने का डर बना हुआ था।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। कुछ जगहों पर बादल छाएं रह सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती है। इसके बाद 19 मार्च से दोबारा से मौसम बदलेगा। 20 मार्च तक पंजाब के अलग-अलग जिलों में तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और वर्षा की संभावना है।
