नशा कारोबारियों में हड़कंप: ‘नशे का धंधा छोड़ दो या शहर’; पुलिस की चेतावनी से कई युवाओं ने लिया सबक
चंडीगढ़। नशे का धंधा छोड़ दो या शहर। चंडीगढ़ पुलिस की इस चेतावनी के बाद कई युवाओं ने सबक लिया और उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया कि वे नशे के धंधे से जुड़ी गतिविधियों में अब शामिल नहीं होंगे। इससे नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। उन्हें गिरफ्तारी और धंधा चौपट होने का डर सताने लगा है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर से नशे को पूरी तरह से खत्म करना है। नशे का धंधा करने वाले अगर पंचकूला या मोहाली में जाकर छिपेंगे तो वहां भी बच नहीं पाएंगे।
नशे के विरुद्ध अभियान के तहत क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरिंदर पटियाल ने सख्त चेतावनी दी थी। इसके बाद ड्रग मामलों में शामिल कुछ युवा अपने परिवार के सदस्यों के साथ सेक्टर-11 स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ युवकों को पहले ही बैड करैक्टर घोषित किया जा चुका है।
इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है। इंस्पेक्टर पटियाल ने हाल ही में स्थानीय लोगों के साथ बैठक में नशे के कारोबारियों को कड़ी चेतावनी दी थी। पुलिस का नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
