परीक्षा से पहले बड़ी लापरवाही, एडमिट कार्ड पर उम्मीदवार की जगह कुत्ते की फोटो
बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगा दी गई। इस अजीबोगरीब गलती के सामने आने के बाद अभ्यर्थी हैरान और परेशान है। वहीं, इस घटना ने भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रितेश कुमार ने बताया कि एडमिट कार्ड में उनका नाम और अन्य सभी विवरण सही थे, लेकिन फोटो की जगह पर उनकी तस्वीर के बजाय कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी। उन्होंने जब पहली बार एडमिट कार्ड देखा तो वह दंग रह गए। उन्हें लगा कि शायद डाउनलोड करने में कोई गलती हुई है, लेकिन दोबारा जांच करने पर भी वही तस्वीर दिखाई दी। इस घटना के बाद रितेश कुमार काफी परेशान हो गए। उन्होंने तुरंत संबंधित भर्ती बोर्ड और विभाग को इस संबंध में शिकायत भेज दी है।
रितेश कुमार ने बताया, “चार साल पहले मैंने सिविल कोर्ट में चपरासी पद के लिए आवेदन किया था। अब जब एडमिट कार्ड जारी हुआ और मैंने उसे डाउनलोड किया तो उसमें मेरी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी। इसे देखकर मैं पूरी तरह हैरान रह गया।” उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द इस गलती को सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार, सिविल कोर्ट के चपरासी पद की लिखित परीक्षा 15 मार्च को आयोजित होने वाली है। रितेश कुमार का परीक्षा केंद्र सहरसा जिले में निर्धारित किया गया है। ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर त्रुटि के कारण वह काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते यह गलती ठीक नहीं हुई तो उन्हें परीक्षा केंद्र पर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल, रितेश कुमार ने भर्ती बोर्ड से इस त्रुटि को जल्द से जल्द सुधारने और नया एडमिट कार्ड जारी करने की मांग की है।
बिहार में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कई बार सरकारी दस्तावेजों जैसे जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र में भी इस प्रकार की अजीबोगरीब गलतियां देखने को मिली हैं। कई मामलों में अभ्यर्थियों की तस्वीर की जगह जानवरों या अन्य गलत तस्वीरें लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद सरकारी तंत्र और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं।
