भगवंत सिंह मान का विपक्ष पर प्रहार, बोले- ‘1,000 रुपये की घोषणा से उड़ी विपक्ष की नींद, 2027 में फिर बनेगी आप सरकार’
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को विधानसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए 1,000 रुपये की मासिक सहायता की घोषणा से विपक्षी खेमे में घबराहट है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ‘आप’ सरकार ने महज चार साल में अपनी सभी चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं, जिससे यह साफ है कि साल 2027 में भी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ही वापसी करेगी।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और एस.सी. वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 13 अप्रैल से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि पंजाब की माताओं और बहनों के लिए मान-सम्मान है।
भगवंत सिंह मान ने पारंपरिक पार्टियों (अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए मेनिफेस्टो केवल एक चुनावी खानापूर्ति थी, जिसे वे कभी पूरा नहीं करते थे। उन्होंने कहा, “हमने अपने मेनिफेस्टो को पवित्र दस्तावेज माना है। अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को केंद्र में लाकर एक नई क्रांति की शुरुआत की है, जिसके कारण अब विपक्षी दलों को भी इन विषयों पर बात करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।”
राज्य में स्वास्थ्य क्रांति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 881 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 5 करोड़ से अधिक लोग इलाज करा चुके हैं। उन्होंने देश की पहली ऐसी स्वास्थ्य योजना का उल्लेख किया जिसमें हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा रहे हैं और शिक्षकों को फिनलैंड व सिंगापुर जैसे देशों में ट्रेनिंग के लिए भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि पिछले चार सालों में योग्यता के आधार पर 63,943 सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब से ‘अटैची कल्चर’ (रिश्वतखोरी) का अंत हो गया है और अब गरीब घरों के युवाओं को भी बिना किसी सिफारिश के नौकरी मिल रही है। साथ ही, उन्होंने बताया कि लुधियाना में टाटा स्टील प्लांट का उद्घाटन 20 मार्च को होगा, जिससे 4,000 युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा।
मान ने कहा कि पंजाब अब विकास की तेज गति पर है। पहली बार किसानों को दिन में बिजली मिल रही है और गन्ने का सर्वाधिक भाव (416 रुपये प्रति क्विंटल) दिया जा रहा है। उन्होंने ‘मेरी रसोई’ योजना का जिक्र किया, जिसके तहत 40 लाख परिवारों को पोषण युक्त राशन दिया जाएगा। साथ ही, 19 टोल प्लाजा बंद कर जनता के रोजाना 64 लाख रुपये बचाए गए हैं। भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए उन्होंने बताया कि एंटी-करप्शन लाइन के जरिए अब तक 1000 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
