मार्च में ही झुलसने लगा हरियाणा, गुरुग्राम 35°C पार, कई शहरों में बढ़ा तापमान, हीटवेव के संकेत
हरियाणा में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगर यही स्थिति बनी रही तो मार्च के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बुधवार को गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के लिए सामान्य से काफी ज्यादा है. बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय लोगों को तेज धूप और तपिश का सामना करना पड़ रहा है.
कई शहरों में 33 से 35 डिग्री के बीच तापमान: प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35.0°C दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में 34.8°C और भिवानी में 34.5°C तापमान रहा. इसके अलावा राज्य के नौ शहरों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में भी करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक है.
सामान्य से 5 से 8 डिग्री ज्यादा गर्मी: हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है. बारिश न होने की स्थिति में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही इस तरह की तेज गर्मी आगे चलकर हीटवेव जैसी स्थिति का संकेत दे रही है.
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी: प्रदेश में केवल दिन का तापमान ही नहीं बल्कि रात का तापमान भी बढ़ने लगा है. राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वर्तमान में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4.8 डिग्री अधिक चल रहा है. इससे रात के समय भी ठंडक कम महसूस हो रही है और गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है.
इन जिलों में भी बढ़ा पारा: हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. अंबाला और रोहतक जैसे जिलों में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है. वहीं महेंद्रगढ़ जिला अभी भी प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, लेकिन वहां भी तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है.
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह: मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी है. खासकर दोपहर में बाहर निकलने से बचने, सिर को ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की हिदायत दी गई है. डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी में लापरवाही बरतने से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है.
