चंडीगढ़ में पेड पार्किंग पर सख्ती: बिना पर्ची खड़े वाहन होंगे जब्त
चंडीगढ़। नगर निगम ने शहर की पेड पार्किंग में बिना शुल्क दिए वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अब नगर निगम की किसी भी पेड पार्किंग में बिना फीस दिए वाहन पार्क किए जाने पर उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ अलग से चालान भी किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर इंजीनियरिंग विभाग की रोड विंग को इस संबंध में कड़े आदेश जारी किए गए हैं। आदेश मिलते ही निगम की टीमों ने विभिन्न पार्किंग स्थलों पर जांच शुरू कर दी है।
अभियान के तहत सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वेयर में कार्रवाई करते हुए छह ऐसे वाहनों को जब्त किया गया, जिन्हें लंबे समय से बिना पार्किंग शुल्क दिए खड़ा किया गया था। इन वाहनों को निगम की टीम ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
निगम अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल सेक्टर-17 तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर की अन्य सभी पेड पार्किंग स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी।
विशेष रूप से सेक्टर-7 के मध्य मार्ग और मनीमाजरा स्थित कार बाजार साइट को निगम ने निगरानी के लिए चिन्हित किया है। अधिकारियों का कहना है कि इन स्थानों पर कई वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं, जिससे पार्किंग व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी दुकानदार या कारोबारी का वाहन भी पेड पार्किंग में बिना शुल्क दिए खड़ा पाया जाता है तो उस पर भी वही कार्रवाई की जाएगी। नियम सभी के लिए समान हैं और बिना पार्किंग फीस के किसी भी वाहन को पार्किंग में खड़ा रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
निगम का कहना है कि कई लोग अपने वाहन पेड पार्किंग में लंबे समय तक खड़े कर देते हैं और पार्किंग शुल्क नहीं देते, जिससे पार्किंग व्यवस्था अव्यवस्थित हो जाती है। इस समस्या को देखते हुए अब नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि पार्किंग स्थानों का सही उपयोग हो सके और आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही नगर निगम पार्किंग पास की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है। वर्तमान में शहर में लगभग 10 हजार लोगों ने पार्किंग पास लिया हुआ है, जबकि निगम का लक्ष्य 30 से 50 हजार पार्किंग पास जारी करने का है।
निगम का मानना है कि अगर अधिक लोग पार्किंग पास लेंगे तो पार्किंग प्रबंधन और राजस्व दोनों में सुधार होगा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर की सभी प्रमुख पेड पार्किंग स्थलों पर निरीक्षण तेज किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ जब्ती और चालान की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग शुल्क का भुगतान करें और पार्किंग नियमों का पालन करें, ताकि शहर में पार्किंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
