चंडीगढ़ में फिर बम की धमकी: पासपोर्ट कार्यालय और सेक्टर-17 बस स्टैंड को उड़ाने की आई मेल, मचा हड़कंप
ईमेल मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर भेजा गया। दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया और एहतियातन परिसरों को अस्थायी रूप से खाली करवाया गया।
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरे मेल में सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड का भी जिक्र किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की। पुलिस की साइबर सेल ने ईमेल की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
