अरविंद केजरीवाल कनॉट प्लेस के प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे, दुर्गेश पाठक बोले- उनके आशीर्वाद से हम बरी हुए
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। उनके साथ दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई नेता मौजूद रहे। राउज एवेन्यू कोर्ट ने कल यानी बीते शुक्रवार को कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत कुल 23 आरोपियों को बरी कर दिया था। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आज प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचकर प्रार्थना की।
इस मौके पर आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि बजरंग बली ने हम आम आदमी पार्टी के नेताओं को आशीर्वाद दिया है। उनके आशीर्वाद से ही हम इस मामले में बरी हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस पूरे मामले के लिए माफी मांगनी चाहिए। स्वीकारना चाहिए कि यह हमारे खिलाफ साजिश थी।
