हरियाणा में आज 10वीं की परीक्षा, करीब 2.89 लाख छात्र देंगे गणित का पेपर, एग्जाम सेंटर पर सुरक्षा कड़ी
हरियाणा में आज 10वीं बोर्ड की परीक्षा होगी. गणित की इस परीक्षा में प्रदेशभर में 1372 परीक्षा केंद्रों पर 2 लाख 89 हजार 3 परीक्षार्थी शामिल होने की उम्मीद है. इसके अलावा डीएलएड प्रथम वर्ष रि-अपीयर की परीक्षा में 980 छात्र-अध्यापक भी हिस्सा लेंगे.
हरियाणा 10वीं बोर्ड की परीक्षा आज: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं की परीक्षा दोपहर 12.30 बजे से शुरू होगी, जो साढ़े 3 बजे तक चलेगी. विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले पहुंचने की अपील की गई है. इस बार बोर्ड परीक्षाओं में साढ़े 5 लाख से अधिक स्टूडेंट शामिल होंगे, जबकि लास्ट ईयर 4 लाख 65 हजार 327 स्टूडेंट ने परीक्षा दी थी.
25 फरवरी को हुई थी 12वीं की परीक्षा: 25 फरवरी को हरियाणा 12वीं बोर्ड की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुताबिक सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी के ईयरली एग्जाम में हरियाणा में करीब 1433 परीक्षा केंद्रों पर 5 लाख 66 हजार 411 स्टूडेंट रजिस्टर्ड हैं. इसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के और 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं. 12वीं में 2 लाख 70 हजार 663 और 10वीं में 2 लाख 95 हजार 748 स्टूडेंट एग्जाम के लिए रजिस्टर्ड हैं. इसके अलावा डीएलएड (रि-अपीयर) की परीक्षाओं के लिए 5 हजार 356 परीक्षार्थी रजिस्ट हैं.
