पंचकूला में हाईटेंशन तार से महिला की मौत, बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप

0

 पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला जिले में दर्दनाक हादसे में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना पिंजौर थाना क्षेत्र के कजियाणा गांव की है, जहां जंगल में घास लेने गई महिला टूटे पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर बिजली निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कजियाणा निवासी राजेश कुमार, जो जनस्वास्थ्य विभाग में वॉटर सप्लाई पर डेली वेजिज कर्मचारी हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी आशा देवी पड़ोस की महिलाओं कांता और हिमानी के साथ जंगल में घास लेने गई थी।

इसी दौरान रास्ते में 11 हजार केवीए का हाईटेंशन बिजली तार टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। चलते समय आशा देवी का पैर तार पर पड़ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

आशा देवी अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे और 8 वर्षीय बेटी को छोड़ गई हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक का माहौल है।

मृतका के पति राजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि बिजली निगम की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि समय रहते टूटे तार की मरम्मत कर दी जाती या इलाके की नियमित जांच होती तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी।

पिंजौर थाना के जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर बिजली निगम के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु) और 287 (मशीनरी/उपकरण से संबंधित लापरवाही) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर