‘भ्रष्टाचार में कांग्रेस से भी चार कदम आगे निकली ‘आप’, पंजाब को किया बदहाल’, लुधियाना में बोले सीएम नायब सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में जनता से जो वादे किए थे, वह चार साल बीत जाने के बाद भी पूरे नहीं हुए है। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं तथा आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लुधियाना स्थित छट पूजा मैदान में आयोजित पूर्वांचल सम्मान रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री का वहां पहुंचने पर पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया। नायब सिंह सैनी लगातार पंजाब के दौरे पर हैं।
मुख्यमंत्री के दौरों से न केवल आम आदमी पार्टी असहज है, बल्कि हरियाणा का विपक्ष का नेतृत्व भी असहज महसूस कर रहा है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डा. सतीश पुनिया ने नायब सिंह सैनी के हरियाणा दौरे को लेकर कहा है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, जिसे नायब सैनी बखूबी निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्वांचल सम्मान रैली के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लुधियाना एक प्रसिद्ध औद्योगिक नगरी है। यहां मेहनतकश लोग रहते हैं। पंजाब गुरुओं की, पीरों की और वीरों की भूमि है। लुधियाना की इस ऐतिहासिक धरती को पंजाब की औद्योगिक राजधानी और भारत का ‘मैनचेस्टर’ भी कहा जाता है।
यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवर्तन का संदेश है। पंजाब भारत की आत्मा है। यह सीमाओं का प्रहरी है, खेतों की खुशबू है, ढोल की थाप है, गुरूओं की वाणी है और शौर्य की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी व आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त है। आम आदमी पार्टी तो भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनानी है।
