उचाना विकास रैली : ‘कांग्रेस के पास न नीयत है न नीति, सिर्फ झूठ की राजनीति’, सीएम नायब सैनी का विपक्ष पर तीखा प्रहार
हरियाणा के जींद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उचाना की अनाज मंडी में आयोजित ‘धन्यवाद एवं विकास रैली’ के दौरान कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य देश को बदनाम करना है, जबकि विकास के मामले में उनके पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही नेक नीयत। सीएम ने दावा किया कि जनता के समर्थन से आने वाले समय में भी कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ होना तय है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए चुटकी ली कि कांग्रेसियों ने तो जीत के अति-उत्साह में लड्डू तक बनवा लिए थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की जीत ने उनके सारे मंसूबों पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस जीत ने विपक्ष को ऐसा गहरा धक्का दिया है कि वे आज तक उस सदमे से बाहर नहीं आ पाए हैं। सैनी ने साफ किया कि कांग्रेस का झूठ अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है और अब उनकी कोई भी चाल हरियाणा में काम नहीं आएगी।
नहरी सिंचाई: थुआ के मोगा नंबर 3600 एल बधाना माइनर को पक्का करने के लिए 75 लाख रुपये तुरंत जारी करने का ऐलान किया।
पेयजल व्यवस्था: उचाना क्षेत्र के छह जलघरों के जीर्णोद्धार (रिमोडलिंग और रिहैबिलिटेशन) के लिए 3 करोड़ 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वास्थ्य सेवा: घोघड़िया और उचाना खुर्द में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) के नए भवन बनाए जाएंगे। साथ ही करसिंधू PHC को अपग्रेड करने के लिए 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई।
सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर वहां चुनाव लड़ा, लेकिन जनता ने उनके साझा प्रत्याशी को नकार कर वहीं भेज दिया जहां से वह आया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने प्रदेश का बुरा हाल कर दिया है। बुढ़ापा पेंशन और मनरेगा जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने केवल लोगों को गुमराह किया है, जबकि भाजपा ने मनरेगा में होने वाले भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का काम किया है।
पूर्ववर्ती नेताओं और राजनीतिक परिवारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उचाना को दशकों तक अनदेखा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ परिवारों ने यहां के लोगों की भावनाओं से खेलकर तीन पीढ़ियों तक ‘वोटों की फसल’ तो काटी, लेकिन इलाके के विकास को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि परिवारवाद के दलदल में फंसे इन लोगों ने केवल अपनी संतानों का भविष्य संवारा, बल्कि उचाना की जरूरतों को दरकिनार कर दिया। सीएम ने भरोसा दिलाया कि अब उचाना के विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
