CM भगवंत मान की फिर से तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया एडमिट, सोमवार सुबह ही हुए थे डिस्चार्ज

0

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सोमवार शाम मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में फिर से भर्ती कराया गया। उन्हें सोमवार सुबह ही अस्पताल से छुट्टी मिली थी। वहीं अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, थकान महसूस होने पर सीएम भगवंत मान को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले दिन में, भगवंत मान अस्पताल से छुट्टी लेकर सीधे मोगा चले गए थे। यहां उन्होंने नशा-विरोधी अभियान ‘युद्ध नशियान विरुद्ध’ के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया था। कार्यक्रम के बाद सेहत ठीक नहीं होने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को रविवार को कमजोरी महसूस होने के बाद जांच के लिए मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि सोमवार सुबह उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया था। फोर्टिस अस्पताल की ओर से एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री नियमित चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल गए थे। फोर्टिस अस्पताल ने बयान में कहा, ”उन्हें फिलहाल थकावट महसूस हो रही है तथा उन्हें निगरानी और सहायक देखभाल के लिए भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है और वे विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक दल की देखरेख में हैं।”

हालांकि सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले सीएम मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आम आदमी पार्टी द्वारा आज मोगा के पास किल्ली चाहलां गांव में एक विशाल रैली आयोजित की जा रही है। दोस्तों, आपसे वहीं मिलते हैं।” इसके बाद भगवंत मान अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मोगा पहुंचे और यहां एक रैली में शामिल भी हुए। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने नशा-विरोधी अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत मोगा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राज्य के मंत्री और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *