पंचकूला में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी मोहम्मद अकरम गिरफ्तार; पूछताछ जारी
पंचकूला। पंचकूला क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। हथियार सप्लायर मोहम्मद अकरम को गिरफ्तार करने के बाद बुधवार को न्यायालय में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।
यह कार्रवाई पहले पकड़े गए अब्दुल और गुरमेल से पूछताछ के बाद हुई, जिन्होंने अकरम से हथियार मिलने का खुलासा किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह मामला 4 सितंबर 2025 का है, जब क्राइम की ब्रांच टीम ने कालका क्षेत्र में गश्त के दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को नाकाबंदी कर रोका, जिसमें सवार आरोपियों अब्दुल और गुरमेल उर्फ अमन के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और कुल तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद दोनों के खिलाफ कालका थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ और तफ्तीश के दौरान आरोपितों ने खुलासा किया कि यह अवैध हथियार उन्हें मोहम्मद अकरम (निवासी – गांव इस्लामनगर, थाना पिंजौर) से प्राप्त हुए थे। इसी आधार पर आरोपी मोहम्मद अकरम को गिरफ्तार किया गया। मामले से जुड़े अन्य हथियार तस्करों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
