यात्रीगण कृपया ध्यान दें, 12 फरवरी को हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी करेंगे चक्का जाम
यात्रीगण कृपया ध्यान दें, 12 फरवरी को हरियाणा रोडवेज का चक्का जाम रहेगा. इसके लिए हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा सहित कई विभागों के पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन दादरी रोडवेज की वर्कशॉप में किया गया. इस दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि 12 फरवरी को पूरे हरियाणा में रोडवेज बसों का चक्का जाम किया जाएगा. कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन करते हुए हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया.
राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेंगे रोडवेज के कर्मचारी: हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद की अगुवाई में रोडवेज कर्मचारियों की मीटिंग में हड़ताल को लेकर मंथन किया गया. कर्मचारी नेताओं ने बताया कि “12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में रोडवेज के कर्मचारी भाग लेंगे. इस दौरान पूरे हरियाणा में रोडवेज बसों का पूर्ण रूप से चक्का जाम रहेगा.”
आर-पार की लड़ाई के मूड में कर्मचारीः उन्होंने बताया कि “सरकार और अधिकारियों के साथ हुई कई दौर कि बातचीत में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति होने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया. ऐसे में 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में सभी ट्रेड यूनियनें भाग लेंगी. फिर भी सरकार नहीं जागी तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.” बता दें कि रोडवेज कर्मचारियों की ओर से कड़े रोडरेज कानून का भी विरोध किया गया. इस कानून को जल्द से जल्द वापस लेने की मांग की गई. मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी नेताओं ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी.
