खेतों में बना दी आलीशान कोठी, नगर निगम के अधिकारियों को भनक तक न लगने दी, अब हुआ सख्त एक्शन
हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम ने एक महलनुमा कोठी सील कर दी है। सोनीपत में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर 23 के पास बन रहे मकान को सील कर दिया है। यह मकान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्ष छिक्कारा बना रहे थे। हर्ष हरियाणा के गोहाना से चुनाव लड़ चुके हैं। नगर निगम ने अवैध निर्माण बताकर उनके मकान को सील किया है।
नगर निगम के अधिकारी देर रात मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने मकान पर सील लगाकर नोटिस लगा दिया। इसके साथ ही घर के मालिक को भी नोटिस भेजा गया है।
यह आलीशान कोठी जिस जमीन पर बनाई जा रही थी, वह आरती नाम की महिला के नाम पर है। हर्ष के साले की पत्नी का नाम आरती है, जिनके नाम पर जमीन है और इसी जमीन पर आलीशान घर बनाया जा रहा था। खेती वाली जमीन पर मकान बनाने से पहले नगर निगम से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। कोठी बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका था। इसके बावजूद कोई अनुमति नहीं ली गई। इस वजह से प्रशासन ने कार्रवाई की है।
नगर निगम ने एक नोटिस हर्ष छिक्कारा की आलीशान कोठी के बाहर भी चिपकाया है। नोटिस के अनुसार आलीशान कोठी नियमों का उलंघन करके बनाई जा रही है। यह कोठी गांव महलाना के खेतो में बनाई जा रही थी। अब हर्ष और उनके साले की पत्नी आरती को इस मामले में जवाब देना होगा।
सरकार के नियम के अनुसार कृषि योग्य भूमि पर किसी भी तरह का आवासीय निर्माण नहीं किया जा सकता। खेतों में किसी भी व्यवसायिक निर्माण की भी अनुमति नहीं होती है। कृषि योग्य भूमि पर किसी भी तरह का निर्माण करने से पहले प्रशासन से डायवर्जन सर्टिफिकेट बनवाना जरूरी होता है। इस दौरान यह भी बताना होगा कि जमीन का इस्तेमाल किसलिए किया जाएगा। इसके साथ ही डायवर्जन चार्ज भी देना जरूरी होता है। व्यावसायिक भूमि पर प्रशासन हर साल टैक्स वसूलता है और उसे देना भी जरूरी होता है।
