हरियाणा मौसम 3 जिलों में यलो अलर्ट, 21 अगस्त से मानसून पकड़ेगा रफ्तार

0

हरियाणा में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश में 17 अगस्त की रात से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 अगस्त तक कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है।.

मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम या छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

इसके बाद 21 अगस्त से मानसून फिर सक्रिय होगा। इस दिन उत्तरी, मध्य और दक्षिणी हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।

HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ और वाराणसी से होते हुए उत्तर ओडिशा और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।

इसके साथ ही उत्तरी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी। 17 अगस्त की रात से 20 अगस्त के बीच विशेषकर उत्तरी हरियाणा में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। हिसार 37.5°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा। फरीदाबाद में 36.7°C, नूंह और पलवल में 36.2°C, भिवानी में 36°C, नारनौल में 35.5°C और रोहतक में 35.4°C तापमान दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में औसतन 0.6°C की गिरावट दर्ज हुई। भिवानी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24°C रहा। करनाल में 24.2°C और नारनौल में 24.5°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं सबसे गर्म रात नूंह में 28.3°C, गुरुग्राम में 28°C और रोहतक में 27.8°C रही।

अगले कुछ दिनों में उत्तर हरियाणा में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है। 19-20 अगस्त को बारिश थोड़ी कमजोर पड़ सकती है, लेकिन 21 अगस्त से मानसून के दोबारा सक्रिय होने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *