यात्रीगण ध्यान दें… चंडीगढ़ से इंडिगो की सभी फ्लाइट्स 8 दिसंबर तक रद
चंडीगढ़ से चलने वाली इंडिगो की सभी फ्लाइट्स को 8 दिसंबर तक के लिए रद कर दिया है। इसकी वजह से सवारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को यात्री इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर पहुंचे, लेकिन यहां से पहले यात्रियों को फ्लाइट के विलंब होने की सूचना दी गई।
बाद में फ्लाइट को रद कर दिया गया। जिसकी वजह से किसी यात्री का नौकरी पर जाना, किसी यात्री की परिवार की शादी में जाना था, तो किसी डाॅक्टर को अपने मरीजों के साप्ताहिक जांच के लिए जाना था, वह सभी छूट गया। इससे मौके पर मौजूद यात्री भड़क गए। एयरपोर्ट स्टाफ की तरफ से काफी मशक्कत के बाद समझाया गया।
तभी इंडिगो फ्लाइट की तरफ से यात्रियों को सूचित किया गया कि सभी का रिफंड उनके पास ऑनलाइन पहुंच जाएगा और अब 8 दिसंबर तक चंडीगढ़ से इंडिगो की कोई फ्लाइट संचालित नहीं होगी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फ्लाइट कंपनी की तरफ से उन्हें फ्लाइट रद होने के बारे में कोई सूचित भी नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण ज्यादा परेशानी हो रही है।
