चंडीगढ़ से उत्तराखंड जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, 25 पेटी बरामद

0

पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से उत्तराखंड में अवैध शराब की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप वाहन में चंडीगढ़ से अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर उत्तराखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंचार्ज विजय की अगुवाई में पुलिस टीम ने सेक्टर-23/24 के बीच पुराने डंपिंग ग्राउंड के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

वाहन चालक ने अपनी पहचान अनुराग उर्फ नीला पुत्र मनोज कुमार निवासी जिला हरिद्वार (उत्तराखंड), उम्र 21 वर्ष के रूप में बताई। वाहन की तलाशी लेने पर काली तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 25 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुईं।

इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में हरियाणा आबकारी (संशोधन) अधिनियम की धारा 61(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ एवं तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करने के उद्देश्य से उसका 3 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *