साथ खाया खाना, आपस में करते रहे बातें… अनिल विज और मोहन बड़ौली के बीच मिटी ‘दूरियां’

ढाठरथ गांव में भाजपा नेता प्रमोद कौशिक की भतीजी की शादी में दोनों नेता पहुंचे। गौरतलब है कि मोहन लाल बड़ौली पर लगे यौन शोषण के आरोप के बाद परिवहन मंत्री अनिल विज ने उनके इस्तीफे की बात कही थी। इसके बाद भाजपा द्वारा उन्हें नोटिस दिया गया।
इसके बाद भी अनिल द्वारा दिया गया जवाब मीडिया में लीक होने पर भी अनिल विज ने प्रश्न उठाए थे। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच खींचतान चल रही थी। इसी प्रकरण के बीच दोनों नेताओं का मिलना चर्चा का विषय बना रहा।
वहीं जुलाना पहुंचे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अनिल विज द्वारा नोटिस जलाए जाने के प्रश्न पर कहा कि यह अच्छी बात है कि अनिल विज ने उनके नोटिस को जलाया। जो मुद्दा था, उसे जला दिया। अनिल विज की भाजपा से और मेरे से कोई नाराजगी नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी भी अनिल विज से कोई नाराजगी नहीं है। लोग घुमा-फिराकर प्रचार करते हैं। दुष्कर्म के आरोपों पर कहा कि कुछ छुटभैया लोग ही प्रचार कर रहे थे। झूठ के पैर नहीं होते। जिन लोगों ने भाजपा के विरोध में वोट दिया, आज वही लोग भाजपा के साथ हैं।
बीते दिनों बीजेपी ने हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने नोटिस जारी करते हुए लिखा था कि आपने हाल ही में पार्टी के अध्यक्ष और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिए हैं। यह गंभीर आरोप है और यह पार्टी की नीति तथा आंतरिक अनुशासन के खिलाफ है।