पंजाब राज भवन में आज होगा खिलाड़ियों का सम्मान, एक दशक में शहर को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों को एक साथ मिलेगा नकद पुरस्कार

यूटी प्रशासन के खेल विभाग की ओर से वीरवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर वर्ष 2013 से 2023 के बीच शहर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग पिछले एक दशक में शहर को गौरवान्वित करने वाले राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को एक साथ नकद पुरस्कार देगा। यह राशि खेल विभाग के इतिहास में एक साथ वितरित की जाने वाली सबसे बड़ी राशि है। वहीं, पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर चंडीगढ़ का नाम रोशन करने वाले निशानेबाज मनु भाकर व सरबजोत सिंह समेत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी चंडीगढ़ खेल विभाग सम्मानित करेगा। इन खिलाड़ियों को पंजाब राजभवन के ऑडिटोरियम में यूटी के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की ओर से नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा।