स्वाति मालीवाल केस: आज केजरीवाल के माता-पिता और पत्नी सुनीता से पूछताछ कर सकती है पुलिस
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की कथित पिटाई के केस में दिल्ली पुलिस की जांच की आंच अब केजरीवाल के परिवार तक पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस आज गुरुवार को अरविंद केजरीवाल के माता-पिता और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से पूछताछ कर सकती हैं। अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया पर लिखा है कि आज दिल्ली पुलिस उनके माता पिता से पूछताछ करने वाली है। हालांकि, उन्होंने इसका कोई कारण नहीं बताया है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि स्वाति मालीवाल मारपीट केस में अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ हो सकती है। सुनीता केजरीवाल से भी दिल्ली पुलिस पूछताछ कर सकती है। माता पिता से पूछताछ को लेकर केजरीवाल के दावे के बाद पूरी आम आदमी पार्टी मैदान में उतर आई है। दिल्ली की शिक्षा मंत्री अतिशी सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अरविंद केजरीवाल के बीमार और बुजुर्ग माता-पिता पर अत्याचार कर रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो दो दिनों से दिल्ली पुलिस की महिला जांच अधिकारी केजरीवाल के परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है ताकि उनके बयान दर्ज हो सके। इसके लिए परिवार के लोगों से महिला जांच अधिकारी ने वक्त भी मांगा है। ऐसे में उम्मीद है कि आज दिल्ली पुलिस की टीम सीएम हाउस जाकर सुनीता केजरीवाल और सीएम के माता पिता के बयान दर्ज करे। अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ की वजह स्वाति मालीवाल का वो बयान हो सकता है जिसमें उन्होंने पुलिस के सामने बताया था कि उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में सुनीता केजरीवाल और सीएम के माता-पिता से मुलाकात की थी, उसके बाद वो ड्राईंग रूम में वापस चली गई थीं।
