कांग्रेस नेता की सरेआम हत्या, हमलावरों ने पहले कुल्हाड़ी से किया हमला, फिर गोलियों से भूना

राजस्थान के धौलपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कांग्रेस नेता की शुक्रवार को सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि घटना तब घटी जब जलालपुर मंगरोल के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मेहताब सिंह एक स्थानीय ग्राम राजस्व कार्यालय के उद्घाटन के सिलसिले में एक दुकान पर गए थे। मेहताब सिंह की उम्र 50 साल थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मनियां) ओमप्रकाश ने बताया, “हमलावर बाइक पर आए थे। उन्होंने मेहताब सिंह पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सीसीटीवी रिकार्ड हो गई है।” पुलिस के मुताबिक, मेहताब सिंह पर सात लोगों ने हमला किया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने सिंह पर पहले कुल्हाड़ी से हमला किया और जब वह गिर गए तो उन पर गोलियां चलाईं। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक जीवन में होने के कारण सिंह की पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता थी।