आयुष्मान खुराना बोले- ‘प्रेम का किरदार होना चाहिए बिल्कुल परफेक्ट’, बताया शादी में पत्नी का साथ देना क्यों जरूरी
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना जल्द ही सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में प्रेम के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने अपने किरदार, एक आदर्श जीवनसाथी की खूबियों और शादीशुदा जिंदगी को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। उनके मुताबिक, प्रेम सिर्फ एक किरदार नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जिसे हर पुरुष अपनाना चाहेगा और हर महिला अपने जीवनसाथी में देखना चाहेगी।
आयुष्मान ने प्रेम की तुलना मशहूर उपन्यास ‘प्राइड एंड प्रेजुडिस’ के मिस्टर डार्सी से करते हुए कहा कि इस किरदार में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार, प्रेम एक आदर्श पुरुष की छवि है, जो संवेदनशील, दयालु और भावनात्मक रूप से अपने साथी के साथ जुड़ा हुआ हो। उन्होंने यह भी कहा कि सलमान खान इस किरदार की पहचान रहे हैं और उनके बाद प्रेम की भूमिका निभाना एक बड़ी जिम्मेदारी है।
शादी को लेकर अपने विचार साझा करते हुए आयुष्मान ने कहा कि विवाह हर किसी के लिए जरूरी नहीं है। कुछ लोगों के लिए शादीशुदा जिंदगी बेहद अच्छी होती है, जबकि कुछ लोग अकेले रहकर भी खुश रह सकते हैं। उनके मुताबिक, शादी करना या न करना पूरी तरह व्यक्तिगत फैसला है और इसके लिए कोई तय पैमाना नहीं होना चाहिए।
अभिनेता ने शादी के बाद पति की जिम्मेदारी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला शादी के बाद नए परिवार और माहौल में आती है, तो उसे अपने साथी के सहयोग की जरूरत होती है। ऐसे समय में पति को अपनी पत्नी का समर्थन करना चाहिए और उसे यह महसूस कराना चाहिए कि वह उसके साथ खड़ा है।
अपनी पत्नी ताहिरा कश्यप के साथ शुरुआती वैवाहिक जीवन का जिक्र करते हुए आयुष्मान ने बताया कि 24 साल की उम्र में वह मुंबई आ गए थे, जबकि ताहिरा शुरुआत में चंडीगढ़ में रहीं। बाद में दोनों मुंबई में साथ रहने लगे और उन्होंने ताहिरा के परिवार के घर भी समय बिताया।
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना के साथ सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, स्वानंद किरकिरे, गीता अग्रवाल, सौम्या टंडन और अनुपम खेर भी नजर आएंगे। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
