चंडीगढ़ में दौड़ा जोश: 5 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा, वायुसेना जवानों से लेकर युवाओं तक दिखा उत्साह

0

परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के सर्वोच्च बलिदान और अदम्य शौर्य को नमन करते हुए रविवार को चंडीगढ़ की सड़कों पर पांच हजार से ज्यादा लोग दौड़े। भारतीय वायुसेना और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन-चंडीगढ़ 2026 में फिटनेस प्रेमियों, पेशेवर धावकों, वायुसेना के जवानों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब के सामने ग्राउंड से शुरू हुई इस मैराथन का संदेश फिटनेस के साथ अनुशासन और राष्ट्र भावना से जुड़ा रहा।

पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल जॉर्ज थॉमस मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। अलग-अलग श्रेणियों में हुई दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। समापन पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के जरिये सैन्य और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय के साथ फिट इंडिया अभियान को भी बढ़ावा दिया गया।

हाफ मैराथन सुबह 5:30 बजे शुरू हुई। 21.09 किलोमीटर की दौड़ चंडीगढ़ क्लब से शुरू होकर हाईकोर्ट चौक, सुखना लेक, मटका चौक, ट्रांसपोर्ट लाइट्स, पीजीआई गेट नंबर-3 और लीजर वैली से होते हुए वापस चंडीगढ़ क्लब पहुंची। 10 किलोमीटर मैराथन सुबह छह बजे शुरू हुई। इसका रूट हाईकोर्ट चौक, रॉक गार्डन, सुखना लेक, मटका चौक, जाकिर हुसैन रोज गार्डन और म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी क्षेत्र से होते हुए वापस चंडीगढ़ क्लब तक रहा। 5 किलोमीटर रन सुबह 7:20 बजे और 3 किलोमीटर रन सुबह 7:30 बजे शुरू हुई। दोनों श्रेणियों में प्रतिभागी हाईकोर्ट चौक और रॉक गार्डन होते हुए सुखना लेक की ओर पहुंचे और यू-टर्न लेकर वापस चंडीगढ़ क्लब की तरफ लौटे।

मैराथन के मद्देनजर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 4:30 बजे से 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट और रेगुलेट किया। चंडीगढ़ क्लब के सामने से सेक्टर-2/3 स्मॉल चौक, ओल्ड बैरिकेड चौक होते हुए सुखना लेक टर्न तक यातायात प्रभावित रहा। ओल्ड बैरिकेड चौक, मटका चौक, ट्रांसपोर्ट चौक, एसबीआई स्मॉल चौक, पीजीआई और लीजर वैली की ओर जाने वाले मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी की थी, लेकिन सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों को कई जगह परेशानी का सामना करना पड़ा। बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण के कारण कई लोगों को अपने नियमित रास्ते छोड़कर दूसरे मार्गों से जाना पड़ा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर