चंडीगढ़ बॉर्डर पर किसानों का मोर्चा 5वें दिन भी जारी, एयरपोर्ट रोड पर ट्रैफिक बाधित
मोहाली। अपनी मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर किसानों का पक्का मोर्चा पांचवें दिन भी जारी है। किसानों ने आज के प्रदर्शन का कार्यक्रम तय कर लिया है। दिन में धरना स्थल पर मंच के जरिए किसानों को संबोधित किया जाएगा, जबकि शाम को एयरपोर्ट रोड पर अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर लोगों से समर्थन मांगा जाएगा।
किसान नेताओं बलबीर सिंह राजेवाल, हरिंदर सिंह लखोवाल, रामिंदर सिंह पटियाला, प्रेम सिंह भंगू और अंग्रेज सिंह भदौड़ के अनुसार, सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मंच चलेगा। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक एसकेएम के प्रमुख नेताओं की बैठक होगी। बैठक में किसानों की मांगों और आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान वाहन चालकों और आम लोगों से आंदोलन के समर्थन की अपील की जाएगी। लेकिन ट्रैफिक रोकने की योजना नहीं है। किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए एसकेएम के नेता बैठक में आगामी रणनीति पर विचार करेंगे।
इससे पहले तेज बारिश के कारण शुक्रवार को मोर्चे पर मंच की कार्रवाई प्रभावित हुई थी। हालांकि बारिश रुकने के बाद बड़ी संख्या में किसान बेस्टेक मॉल से धरना स्थल तक पैदल रोष मार्च करते हुए पहुंचे। किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।
