पंचकूला में बुटीक संचालिका की नृशंस हत्या : गला काटा जाने के बाद मदद को तड़पती रही महिला

0

हरियाणा के पंचकूला जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पिंजौर इलाके में एक बुटीक संचालिका का दिनदहाड़े गला काटकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़िता खून से लथपथ हालत में शटर उठाकर मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन राहगीर तमाशबीन बने रहे। दम तोड़ने से ठीक पहले महिला ने खून से सनी डायरी के पन्ने पर अपने कातिल का नाम लिखा, जिसमें उसने अपने पति को इस खौफनाक वारदात का जिम्मेदार ठहराया है।

यह खौफनाक वारदात पिंजौर स्थित रतपुर कॉलोनी की है, जहां 30 वर्षीय राजेंद्र कौर अपना रीतु बुटीक चलाती थीं और लड़कियों को सिलाई भी सिखाती थीं।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब 11:54 बजे एक संदिग्ध शख्स पैदल टहलता हुआ बुटीक के अंदर दाखिल हुआ। अंदर महज 2 मिनट 22 सेकंड रुकने के बाद उसने महिला का गला रेत दिया और बाहर से शटर गिराकर फरार हो गया। इसके बाद घायल महिला किसी तरह शटर उठाकर लहूलुहान हालत में बाहर निकली और राहगीरों से मदद की गुहार लगाने लगी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया।

घटनास्थल से पुलिस को खून से सनी एक डायरी मिली है, जिसे पीड़िता ने अपनी अंतिम सांसें गिनते वक्त लिखा था। डायरी पर दर्ज नोट में लिखा है- मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प। इसमें मेरी सास और ननदें प्रीति व नीतू भी शामिल हैं…। शुरुआती जांच से पता चला है कि पीड़िता अपनी दो बेटियों के साथ पास में ही किराए के मकान में रहती थी और अपने परिवार से अलग होकर बुटीक से जीवनयापन कर रही थी।

जब राहगीर अनदेखी कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रही एक महिला ने पास की दुकान में काम करने वाले कारपेंटर राजू को सूचना दी। राजू ने बिना वक्त गंवाए एक बाइक सवार की मदद ली और तड़पती हुई राजेंद्र कौर को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल लाते समय महिला अर्ध-बेहोशी की हालत में थी और उसका बहुत अधिक खून बह चुका था। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मृतका की डायरी को कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की जा रही है और फरार पति व परिजनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका मोर्चरी भेज दिया गया है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *