McDonald’s समेत 13 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड; मुंबई FDA का तगड़ा एक्शन

0

सार्वजनिक स्वास्थ्य से खिलवाड़ और रेस्टोरेंट्स में साफ-सफाई की घोर अनदेखी को रोकने के लिए महाराष्ट्र एफडीए इन दिनों कड़े तेवर में नजर आ रहा है।

राज्य भर में 89 होटलों, ढाबों और प्रीमियम रेस्टोरेंट्स के औचक निरीक्षण के बाद एफडीए ने 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस थमाया, जबकि सुधार न करने वाले 13 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए। इस सख्त कार्रवाई से मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर से लेकर नागपुर तक के होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट के पुनः निरीक्षण में भारी अनियमितताएं पाई गईं। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व में दिए गए नोटिस की 20 में से 18 खामियों को दूर नहीं किया गया था।

जांच के दौरान किचन के भीतर जिंदा कॉकरोच, फर्श पर पड़ा सड़ा कचरा, गंदे कपड़े और बिना शील्ड वाली धूल भरी लाइटें मिलीं। इसके अलावा कर्मचारी गंदे जूते व कपड़े छूने के बाद बिना हाथ धोए रेडी-टू-ईट फूड तैयार करते पकड़े गए। वहीं असली पनीर और चीज का दावा करने के बावजूद ‘गो चीज सॉस’ जैसे नॉन-डेयरी एनालॉग उत्पादों का इस्तेमाल होता पाया गया।

दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब की रसोई में निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले। यहां भोजन पकाने वाली जगह के ठीक ऊपर छत से प्लास्टर झड़ रहा था और खाद्य सामग्री के पास ही वाशिंग पाउडर व रासायनिक डिटर्जेंट रखे हुए थे।

इसके अलावा पश्चिमी उपनगर स्थित खार जिमखाना में भी स्टोरेज की खराब व्यवस्था, कच्चे और पके खाने को अलग न रखने तथा बर्तनों की धुलाई में गर्म पानी की अनुपलब्धता के चलते उसका रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट सस्पेंड कर दिया गया।

इस विशेष अभियान के तहत मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित ‘स्टेटस रेस्तरां’, मलाड के ‘नोवारा रेस्तरां’, सांताक्रूज के ‘बजरंग स्वीट मार्ट’ और अंधेरी स्थित ‘एएसएम होटल्स’ के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

वहीं छत्रपति संभाजीनगर और परभणी में ‘छप्पन भोग थाली रेस्तरां एवं बैंक्वेट हॉल’, ‘म्हारो गायत्री मेवाड़’ और ‘स्टार बेकरी’ के लाइसेंस स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर निलंबित किए गए। इसके अलावा नागपुर के ‘डू ब्रदर्स शावर्मा’, नासिक के ‘अवंती स्नैक्स’ और अमरावती के ‘पिंटू यादव स्वीट्स’ पर भी लाइसेंस रद्दीकरण की कार्रवाई की गई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *