मोहाली में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 मोटरसाइकिल और 8 साइकिल बरामद

0

मोहाली, 18 अगस्त: मोहाली शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत थाना फेज-1 मोहाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिल और 8 साइकिल बरामद की हैं। आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी एस.ए.एस. नगर हरमनदीप सिंह हंस, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा कप्तान पुलिस (सिटी) दिलप्रीत सिंह, आईपीएस की निगरानी में की गई। वहीं उप कप्तान पुलिस सिटी-1 मोहाली गुरचरण सिंह की देखरेख में वाहन चोरी की वारदातों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को थाना फेज-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह की टीम क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रणजीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी गांव पबाला, थाना बडाली आला सिंह, जिला फतेहगढ़ साहिब मोहाली से एक मोटरसाइकिल चोरी करके अपने गांव की ओर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी रणजीत सिंह को चोरी की मोटरसाइकिल समेत काबू कर लिया। इस संबंध में थाना फेज-1 मोहाली में मुकदमा नंबर 171, दिनांक 08-08-2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।

पुलिस रिमांड में हुआ कई चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपी रणजीत सिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही और जानकारी के आधार पर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने रोहित सिंह उर्फ अमन उर्फ डागी पुत्र स्वर्गीय जस्मेर सिंह निवासी गांव नरैणा, थाना बडाली आला सिंह, जिला फतेहगढ़ साहिब तथा करन शर्मा पुत्र रमण शर्मा निवासी गांव कुंभड़ा, जिला एस.ए.एस. नगर को भी मामले में आरोपी नामजद किया।
पुलिस ने 10 अगस्त 2026 को आरोपी करन शर्मा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे और निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस रिमांड के दौरान करन शर्मा से मोहाली क्षेत्र से चोरी की गई 8 साइकिलें भी बरामद की गईं।
इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद दूसरे आरोपी रोहित सिंह उर्फ अमन उर्फ डागी को 12 अगस्त 2026 को वारंट के माध्यम से गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी रोहित सिंह की निशानदेही पर 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

तीनों आरोपियों से बरामदगी
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार मामले में अब तक कुल 10 मोटरसाइकिल और 8 साइकिल बरामद की जा चुकी हैं।
रणजीत सिंह से — 2 मोटरसाइकिल
रोहित सिंह उर्फ अमन उर्फ डागी से — 5 मोटरसाइकिल
करन शर्मा से — 3 मोटरसाइकिल और 8 साइकिल
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने मोहाली और आसपास के क्षेत्रों में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा इस गिरोह से अन्य लोग जुड़े हुए हैं या नहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *