पंचकूला: कंपनी में चौथी मंजिल पर जनरेटर पहुंचाते समय पलटी क्रेन, 2 कर्मचारियों की मौत

0

पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में गुरुवार शाम प्लॉट नंबर-310 स्थित मिलीएम्स इंजीनियर सॉल्यूशंस कंपनी में भारी जनरेटर को क्रेन की मदद से इमारत की चौथी मंजिल की छत तक पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। क्रेन के साथ जनरेटर और उस पर मौजूद दो कर्मचारी भी नीचे सड़क पर जा गिरे।

दोनों कर्मचारियों को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है।

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि क्रेन अचानक अपना संतुलन खोती है और देखते ही देखते पलट जाती है। इसके बाद जनरेटर और दोनों कर्मचारी कई फीट की ऊंचाई से सड़क पर गिरते हैं। हादसे के दौरान जनरेटर बिजली की तारों से जा टकराया, जिसके कारण बिजली का खंभा भी टूट गया।
इस हादसे का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। CCTV के अनुसार दुर्घटना से करीब चार सेकेंड पहले ही एक पिकअप वाहन घटनास्थल से आगे निकल गया था। अगर वाहन वहां कुछ क्षण और रुका रहता तो वह भी क्रेन और जनरेटर की चपेट में आ सकता था। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कंपनी की चौथी मंजिल की छत पर बाहर से लाए गए भारी जनरेटर को पहुंचाने का काम चल रहा था। क्रेन के जरिए जनरेटर को ऊपर उठाया जा रहा था और दोनों कर्मचारी जनरेटर के ऊपर बैठे हुए थे।
बताया जा रहा है कि क्रेन अभी जनरेटर को निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचा भी नहीं पाई थी कि अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद क्रेन, जनरेटर और दोनों कर्मचारी नीचे जा गिरे। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नीचे गिरते समय जनरेटर बिजली की तारों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। इसके चलते आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों घायल कर्मचारियों को बिना देर किए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतकों की पहचान मनीष, जो बिहार के रहने वाले थे, और नवीन, निवासी हिमाचल प्रदेश, के रूप में हुई है। हादसा शाम करीब 3:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पंचकूला सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों के पहुंचने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *