पंजाब में साथ आएंगे भाजपा और अकाली दल? PM मोदी से संसद आकर मिले सुखबीर सिंह बादल

0

शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. उनकी प्रधानमंत्री से संसद भवन परिसर में ही मीटिंग हुई. इस बैठक में क्या चर्चा हुई है, इसे लेकर दोनों दलों की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन कयास हैं कि पंजाब विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से अकाली दल और भाजपा साथ आ सकते हैं. दोनों दलों का लंबे समय तक साथ रहा था, लेकिन 2020 में अलगाव हो गया था. अब एक बार फिर से दोनों दलों के साथ आने कयास लग रहे हैं. ऐसा इसलिए भी है क्योंकि पंजाब में अकाली दल की स्थिति भी काफी कमजोर है. वहीं भाजपा भी अब तक सिख वोटों के बीच अपनी पैठ नहीं बना सकी है.

 

अगले कुछ महीनों में ही पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं. अकाली दल के सूत्रों का कहना है कि सुखबीर बादल ने पीएम मोदी से पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर बात की. इसके अलावा पंजाब सरकार के कामकाज को लेकर भी कुछ बातें कीं और भ्रष्टाचार के मसले को उठाया है. हालांकि चर्चा इसी बात को लेकर तेज है कि असेंबली इलेक्शन से पहले दोनों दल करीब आ सकते हैं. इस बीच अरविंद केजरीवाल ने मीटिंग को लेकर टिप्पणी की है. AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘तो क्या दोनों दल साथ आ रहे हैं?’

बता दें कि बीते कई महीनों से भाजपा नेता लगातार यह कह रहे हैं कि हम अकेले ही 2027 का चुनाव लड़ेंगे. लेकिन सुखबीर सिंह बादल की पीएम मोदी से मुलाकात ने फिर से कयास तेज किए हैं. माना जा रहा है कि दोनों दल जरूरत समझते हुए साथ आने की तैयारी में हैं. अकाली दल भाजपा के सबसे पुराने साथियों में से एक था. दोनों का गठबंधन करीब ढाई दशकों तक लगातार चला था, लेकिन 2020 में तीन विवादित कृषि कानूनों को लाने पर संबंध बिगड़ गए थे. अकाली दल ने एनडीए से अपना समर्थन वापस ले लिया था.

 

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *