चंडीगढ़ में सोए परिवार पर स्प्रे कर 3 मोबाइल चोरी:नशा तस्कर के पास गिरवी रखे, कॉल की तो उसी ने उठाया
चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित गली नंबर-8 में रात के अंधेरे में एक शातिर चोर ने घर में घुसकर चोरी की। चोरी से पहले उसने घर में सो रहे सदस्यों पर किसी तरह का स्प्रे कर दिया, जिससे सभी गहरी नींद में रहे। किसी को भी उसके घर में घुसने या सामान चोरी होने की भनक नहीं लगी। आरोपी 3 मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया।
परिवार ने आरोप लगाया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी में कथित तौर पर नशा बेचने वाले एक व्यक्ति के पास गिरवी रखे गए थे। परिवार के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत के दौरान मिली जानकारी से उन्हें इस बात का पता चला। उसने बताया कि नशे की लत पूरी करने के लिए युवक फोन यहां दे गया है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन किसके पास पहुंचे और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
