गुरुग्राम को मिली पहली AC इलेक्ट्रिक बस, अब UPI से भी मिलेगा टिकट

0

गुरुग्राम के लोगों के लिए अच्छी खबर है. गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक सिटी बस को बेड़े में शामिल कर लिया है. ये एयर कंडीशंड (AC) बस अगले 3 दिनों तक शहर के अलग-अलग रूटों पर ट्रायल के तौर पर चलाई जाएगी. ट्रायल सफल रहने के बाद इसे नियमित रूप से यात्रियों के लिए चलाया जाएगा. इसके साथ ही बस सेवा को और आधुनिक बनाने के लिए नई लूप कार्ड सुविधा और UPI से टिकट भुगतान की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है.

GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि पहली इलेक्ट्रिक बस की शुरुआत गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन के लिए बड़ा कदम है. इससे शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल 25 सीटों वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस को शामिल किया गया है. आने वाले समय में 24 और इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी जाएंगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा.

यात्रियों की सुविधा के लिए GMCBL ने नई लूप कार्ड सेवा भी ट्रायल के आधार पर शुरू की है. ये कार्ड लेने के लिए पहली बार 100 रुपये जमा करने होंगे. पूरी राशि कार्ड के बैलेंस के रूप में उपलब्ध रहेगी और उसी से बस का किराया कटेगा. इस कार्ड से टिकट लेने पर यात्रियों को किराये में 2 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी. कार्ड को ऑनलाइन रिचार्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे लोगों को बार-बार काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी.

जिन यात्रियों के पास पहले से स्मार्ट कार्ड है, उनका बचा हुआ बैलेंस नए लूप कार्ड में ट्रांसफर कर दिया जाएगा. ये कार्ड फिलहाल बस परिचालकों के पास और इफको चौक, मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52 बस डिपो, सेक्टर-10 बस डिपो, डूंडाहेड़ा और हीरो होंडा चौक जैसे मेन जगहों पर उपलब्ध है.

इसके अलावा GMCBL ने सभी गुरुगमन बसों में UPI से टिकट भुगतान की सुविधा भी शुरू कर दी है. अब यात्री किसी भी UPI ऐप से बस में चढ़ने के बाद तुरंत किराया दे सकते हैं. इसके लिए सभी बस परिचालकों को स्मार्ट पीओएस मशीनें दी गई हैं. अधिकारियों के अनुसार, अभी करीब 28 प्रतिशत किराया डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो रहा है. अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसें, डिजिटल टिकटिंग और नई भुगतान व्यवस्था से गुरुग्राम की सार्वजनिक परिवहन सेवा पहले से ज्यादा आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी. इससे लोगों को बेहतर लोगों अनुभव मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *