दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बना 15 फीट गहरा गड्ढा, गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद धंसी सड़क
दिल्ली से सटा गुरुग्राम मिलेनियम और हाईटेक सिटी के नाम से मशहूर है। ये वो शहर जो हरियाणा को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देता है। इस शहर के ड्रेनेज सिस्टम पर केवल पांच साल में 550 करोड़ रुपये खर्च हुए लेकिन चंद घंटों की बारिश ने गुरुग्राम में हुए विकास की पोल खोल कर रख दी। पूरा गुरुग्राम झील में तब्दील हो गया। 2 दिन की बारिश के बाद पूरा गुरुग्राम दरिया बना हुआ है।
कल गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर15 फीट गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढा बनने के कारण IFFCO चौक के पास रोड धंस गई। इसके बाद इस रोड को बंद कर दिया गया है और इसे रिपेयर करने का काम चल रहा है। यहां पर करीब 10 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा बना है।
ये रोड NHAI के अधीन आ रहा है इसलिए NHAI और GMDA इसकी मरम्मत करा रहे हैं। NHAI का कहना है कि GMDA की सीवर लाइन में लीक होने के कारण गड्ढा बना है। फिलहाल, वाहन चालकों के लिए उस इलाके को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है, जबकि GMDA की टीम लीकेज को ठीक करने का काम कर रही है। इसके पहले गुरुग्राम के सुभाष चौक से लेकर राजीव चौक तक पानी में डूबे हुए हैं।
