विश्व विजेता हरमनप्रीत ब्रिगेड को मिल रहा पूरे भारत का प्यार और सम्मान…इन दिग्गजों ने किया वर्ल्ड कप जीतने पर Congratulate

0

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वनडे विश्व कप में ऐतिहासिक जीत का पूरे देश भर में जश्न मनाया गया तथा प्रमुख खेल हस्तियों, राजनीतिक हस्तियों, कॉरपोरेट दिग्गजों, बॉलीवुड अभिनेताओं ने इसे एक निर्णायक क्षण बताया जो पूरी पीढ़ी को प्रेरित कर सकता है। यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। वर्षों की कड़ी मेहनत से हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम रविवार रात फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर एकदिवसीय खिताब जीतने वाली दुनिया की चौथी टीम बन गई।

खेल में अपना परचम लहरा चुके इन दिग्गजों ने दी बधाई

क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘1983 ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया। आज हमारी महिला क्रिकेट टीम ने सचमुच कुछ खास उपलब्धि हासिल की है।’’ तेंदुलकर ने कहा, ‘‘उन्होंने देश भर में अनगिनत युवा लड़कियों को बल्ला और गेंद उठाने, मैदान में उतरने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित किया है कि वे भी एक दिन ट्रॉफी उठा सकती हैं। यह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक निर्णायक क्षण है। शाबाश, टीम इंडिया। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।’’

पूर्व कप्तान मिताली राज ने कहा, ‘‘विश्व चैंपियन। मैं दो दशकों से भी अधिक समय से भारतीय महिला टीम को विश्व कप ट्राफी उठाते हुए देखने का सपना देख रही थी। यह सपना आखिरकार आज रात सच हो गया। विश्व क्रिकेट की नई चैंपियनों, आपने सिर्फ एक ट्रॉफी ही नहीं जीती, आपने भारतीय महिला क्रिकेट के लिए धड़कने वाले हर दिल को जीत लिया।’’

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा ने कहा, ‘‘विश्व चैंपियन! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहली बार महिला वनडे विश्व कप खिताब जीतने पर बधाई। क्या शानदार प्रदर्शन किया।’’

भारतीय ओलंपिक संघ और हॉकी इंडिया ने भी विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, ‘‘1983 और 2011 की यादें ताज़ा हो गईं। टीम इंडिया को बधाई, मुझे यकीन है कि यह पूरी पीढ़ी को प्रेरित करेगा। दक्षिण अफ्रीका के लिए भी यह टूर्नामेंट शानदार रहा।’’

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ‘‘चैंपियन। हर चौके हर विकेट, आपने अपने जज्बे से पूरे देश का दिल जीत लिया। हमें अपनी विश्व चैंपियन लड़कियों पर गर्व है। क्या शानदार जीत रही। हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने पूरी पीढ़ी को सपना दे दिया जीतने का, लड़ने का, चमकने का।’’

भारत के महान बल्लेबाज़ वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, ‘‘यह सचमुच एक प्रेरणादायक प्रदर्शन है जिसने न केवल देश को गौरवान्वित किया है, बल्कि एक पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित भी किया है। यह एक ऐसी जीत है जिसकी गूंज पीढ़ियों तक सुनाई देगी।‘

पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने लिखा, ‘‘आपकी भावना, धैर्य और विश्वास ने विश्व कप घर ला दिया। टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई!‘‘ 

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा, ‘‘इतिहास रच दिया गया। हमारी महिलाओं ने सपनों को हकीकत में बदल दिया है। भारत के लिए विश्व कप जीत लिया। आपने सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं जीती, आपने एक अरब दिल जीते। हर भारतीय को आप पर गर्व है – सच्ची चैंपियन।’’

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा, ‘‘टीम इंडिया को बधाई। दक्षिण अफ्रीका भी अपना सिर ऊंचा रखे। विश्व भर में महिला क्रिकेट फल फूल रहा है। क्या शानदार फाइनल था। क्या शानदार टूर्नामेंट था।’’

विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश ने लिखा, ‘‘भारतीय क्रिकेट के लिए क्या ही पल है। भारतीय महिला टीम को विश्व कप जीतने पर बहुत-बहुत बधाई।

इन बॉलीवुड दिग्गजों ने दी बधाई

अमिताभ बच्चन, करीना कपूर खान, काजोल समेत विभिन्न हस्तियों ने आईसीसी विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। भारतीय टीम ने रविवार को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी विश्व कप अपने नाम किया।

बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘‘भारतीय महिला क्रिकेट.. विश्व चैंपियन। आपने हम सभी को गौरवान्वित किया है। बधाई, बधाई, बधाई।’’ 

आईपीएल टीम पंजाब किंग्स की मालकिन और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा, ‘‘यह लड़कियां इसलिए आगे बढ़ी ताकि आप दौड़ सकें। महिला क्रिकेट अब पहले जैसा कभी नहीं रहेगा। इस टीम की हर लड़की को इसे संभव बनाने के लिए धन्यवाद। इस अद्भुत टीम पर बहुत गर्व है।’’

करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर टीम को बधाई देते हुए लिखा, “अब भी खुशी के आंसू छलक रहे हैं।”

वहीं, काजोल ने भी इंस्टाग्राम पर कहा कि उन्हें टीम पर गर्व है। उन्होंने लिखा, “हमारी ‘वीमेन इन ब्लू’ (नीली जर्सी वाली महिला टीम) पर गर्व है।

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने कहा यह जीत एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, “वाह चैंपियंस! यह सचमुच एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।” 

प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “हमारी टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर बधाई।

विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “वर्ल्ड चैंपियंस। क्या खेल दिखाया।”

इसके अलावा कार्तिक आर्यन, श्रद्धा कपूर, रश्मिका मंदना, शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, पूजा हेगड़े और वरुण धवन ने भी टीम को बधाई दी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *