हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: वोटिंग से 3 दिन पहले जेल से बाहर आया राम रहीम, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

0

 

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। वोटिंग से 3 दिन पहले जेल से डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। सुबह करीब साढे 6 बजे वो रोहतक की सुनारिया जेल से यूपी के बागपत स्थित बरनावा आश्रम के लिए रवाना हो गया। डेरा प्रमुख को सशर्त 20 दिन की परोल मिली है। राम रहीम को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सुनारियां जेल से बाहर लाया गया। सुबह छह बजे से ही जेल के बाहर हलचल बढ़ गई थी और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया था। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राम रहीम को परोल दिए जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।

 

कांग्रेस ने इस मामले में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा था कि इस वक्त राम रहीम को परोल देना उचित नहीं है, विधानसभा चुनाव पर इसका असर पड़ सकता है। इन सबके बीच देर रात हरियाणा सरकार ने राम रहीम की रिहाई के आदेश जारी कर दिए। प्रशासन ने बताया कि जेल मैनुअल के अनुसार, राम रहीम को नियमों के तहत पैरोल दी गई है, जो इस वर्ष की बची हुई परोल में से 20 दिन की है।

 

परोल पर राम रहीम की रिहाई को लेकर चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनावों में लाभ के लिए उन्हें रिहा किया गया है। हालांकि, उनकी परोल शर्तों के साथ है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह पैरोल अवधि के दौरान हरियाणा में नहीं रहेंगे और न ही सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। अगर इन शर्तों का उल्लंघन होता है, तो उनकी परोल तुरंत रद्द कर दी जाएगी।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *