दिल्ली में 24 घंटे में दो मासूम हुए बुलेट से घायल, ट्यूशन से घर लौट रहा था बच्चा, चल पड़ीं ताबड़तोड़ गोलियां

0

राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उनकी गोलियों से अब मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 24 घंटे के भीतर सामने आई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं में 6 और 12 साल के दो बच्चे गोली लगने से घायल हो गए। करतार नगर में ट्यूशन से लौट रहा एक मासूम फायरिंग की चपेट में आ गया, जबकि न्यू उस्मानपुर में बदमाशों की गोलीबारी के दौरान एक 12 वर्षीय लड़के के पैर में गोली लग गई। दोनों घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार शाम न्यू उस्मानपुर के चौथा पुश्ता इलाके में कैटरर धर्मेंद्र (43 वर्ष) के घर के सामने तीन लोगों ने फायरिंग की थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 12 वर्षीय लड़का गोली की चपेट में आ गया। घायल बच्चे को तुरंत जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। नाकेबंदी और छापेमारी के दौरान प्रांकुर (29) और हर्ष (22) को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से एक देसी राइफल भी बरामद हुई है।

उधर करतार नगर इलाके में हुई फायरिंग में 6 साल का एक बच्चा घायल हो गया था। बच्चे की मां रूबी ने बताया कि उनका बेटा ट्यूशन से घर लौट रहा था, तभी दो पक्षों के बीच झड़प और फायरिंग शुरू हो गई। गोली बच्चे के पैर में लगी। उन्होंने कहा कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं है और उनका बेटा बेवजह हिंसा का शिकार हो गया।

 

पुलिस का कहना है कि न्यू उस्मानपुर फायरिंग मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं करतार नगर फायरिंग मामले की भी जांच जारी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में आम लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *